ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर राष्ट्र विरोधी पोस्ट करने पर सोमवार को शहर में हंगामा हो गया। पार्षद की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी की पृष्ठभूमि को खंगालने में जुट गई है।
कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया है कि शीशमझाड़ी निवासी शावेज पठान नेे रविवार की दोपहर करीब एक बजे फेसबुक पर देश विरोधी पोस्ट की, जिसमें पाकिस्तान के पक्ष में नारा भी लिखा हुआ था। पोस्ट पर जब लोगों ने विरोध दर्ज करना शुरू किया तो युवक ने पोस्ट हटा दी।
पार्षद ने बताया कि युवक ने दोपहर करीब तीन बजे एक दूसरी पोस्ट फेसबुक पर अपलोड की जिसमें उसने क्षमा मांगी है, लेकिन तब तक देश विरोधी पोस्ट से लोगों का गुस्सा भड़क चुका था। पार्षद ने पुलिस से युवक के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
इस मामले में वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज नैनवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी शावेज पठान पुत्र नसीर उल्लाह निवासी शीशमझाड़ी के खिलाफ देश विरोधी नारे लगाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया के आरोपी कार की एक वर्कशाप पर डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता है। उसके बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले के बाद से देशभर में गुस्से का माहौल है। ऐसे में आरोपी ने जैसे ही सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डाली तो लोगों का गुस्सा और भड़क गया। तहरीर मिलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस जानकारी होते ही आक्रोशित लोग काफी देर तक कोतवाली के बाहर हंगामा करते रहे। लोग आरोपी को उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे। पुलिस जैसे-तैसे समझाकर लोगों को शांत किया। लोगों का कहना था कि ऐसे देशद्रोही लोगों को कड़ा सबक सिखाया जाना जरूरी है।