ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
सीबीआई अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को ओएनजीसी के चीफ मैनेजर (फाइनेंस) रमेश राठौर के आवास पर छापेमारी की। राठौर विशाखापट्टनम में दर्ज भ्रष्टाचार के एक मामले में आरोपी हैं। बताया जा रहा है कि सीबीआई को उनके आवास से जरूरी दस्तावेज मिले हैं। इस मामले में सीबीआई ने देशभर में कई जगह छापेमारी की है।
सीबीआई अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक विशाखापट्टनम में (साल 2013 से 2015 के बीच) एक प्रोजेक्ट चल रहा था। एक शिकायत पर इस प्रोजेक्ट में तैनात ओएनजीसी के कुछ अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि अधिकारियों ने आपसी सांठगांठ कर निविदाओं के आवंटन में घोटाला किया है। इस मामले में ओएनजीसी के चीफ मैनेजर फाइनेंस रमेश राठौर का भी नाम है। रमेश राठौर पिछले एक साल से देहरादून हेड ऑफिस में तैनात हैं। सीबीआई के अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक सीबीआई दिल्ली और देहरादून ऑफिस की एक टीम ने रमेश राठौर के घर पर छापेमारी की। इस दौरान टीम को राठौर के घर से निविदाओं के संबंध में कुछ जरूरी दस्तावेज मिले हैं। इन्हें लेकर टीम दिल्ली गई है।