श्यामपुर।
बुधवार देर रात श्यामपुर गांव में कुछ लोगों ने बाइक सवार एक युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। युवक की मोटरसाइकिल जलकर राख हो गई। पीड़ित परिवार ने अभी तक आरोपियों के खिलाफ पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
जानकारी के अनुसार श्यामपुर का सरफराज बुधवार रात आठ बजे अपने गांव लौट रहा था। बताया जाता है कि गांव के पास चार-पांच युवकों ने उसे रोक लिया। युवकों ने उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगने के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह से आग बुझाई। आग से सरफराज झुलस गया। बाइक भी जलकर राख हो गई। ग्रामीण सरफराज को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। सरफराज का अभी जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है और खतरे से बाहर बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा का कहना है कि सरफराज के परिवार की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल पुलिस अपनी तरफ से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। तहरीर मिलते ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सरफराज के परिजनों का कहना है कि अस्पताल से घर लौटने के बाद पुलिस को तहरीर दी जाएगी।