ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में नौकरी दिलाने के नाम पर कुछ लोगों ने मेरठ निवासी जितेंद्र कुमार से एक लाख 35 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पटेलनगर पुलिस ने तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कुछ समय पहले मेरठ निवासी जितेंद्र कुमार की मुलाकात हरिकृष्ण नाम के व्यक्ति से हुई थी। हरिकृष्ण ने आईएमए में अच्छी पहचान की बात कही और आईएमए में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। इसके बाद हरिकृष्ण ने अलग-अलग तारीखों में एक लाख 35 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद नौकरी नहीं लगने पर जितेंद्र ने रुपये वापस मांगे तो हरिकृष्ण ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि जितेंद्र की तहरीर पर हरिकृष्ण, पिंकी व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।