सेवानिवृत्त एसीपी से थाने में मारपीट, कप्तान के आदेश पर मुकदमा
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में जमीन को लेकर दो पक्षाें में चल रहे विवाद में दिल्ली पुलिस के सेवानिवृत्त एसीपी से थाने में मारपीट करने के मामले में कप्तान के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पीड़ित का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने थाना प्रभारी के सामने उससे मारपीट की है। एसएसपी ने पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रेमनगर निवासी हॉस्टल संचालक राकेश त्यागी और अनुज त्यागी आपस में रिश्तेदार हैं। इनके बीच जमीन और धनराशि को लेकर करीब ढाई साल से विवाद चल रहा है। पुलिस उनके खिलाफ किसी तरह की निरोधात्मक कार्रवाई करने के बजाय उनमें समझौते कराती रही है। 31 मार्च को दोनों पक्षों में फिर मारपीट हुई तो मामला थाने पहुंच गया। पुलिस ने दोनों की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी ने मंगलवार को दोनों पक्षों को थाने में बुलाकर बातचीत की। अनुज त्यागी के समर्थन में दिल्ली पुलिस में एएसपी रहे आरपी त्यागी भी पहुंचे थे। त्यागी का आरोप है कि थाना प्रभारी के सामने दूसरे पक्ष के राकेश त्यागी ने उनके साथ मारपीट कर गाली-गलौज की। शिकायत करने के बाद भी थाना प्रभारी ने हमलावर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की।
पीड़ित सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी आरपी त्यागी ने बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती से मिलकर शिकायत की। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रेमनगर थाने में हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। हालांकि थाना प्रभारी नरेंद्र गहलावत का कहना है कि थाने में मारपीट की कोई घटना नहीं हुई है। दोनाें पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं। उनके बीच काफी समय से विवाद चल रहा है।
----------
इंदिरा कॉलोनी में दो पक्षाें में संघर्ष, कई घायल
देहरादून। शहर कोतवाली क्षेत्र की इंदिरा कॉलोनी में दो पक्षाें में हुए संघर्ष में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। एक अन्य घटना में आंखों में मिर्च स्प्रे डालकर गृह स्वामी से मारपीट की गई।
इंदिरा कॉलोनी निवासी तिलकराज और लता जैक्शन पक्ष 30 मार्च की रात मामूली कहासुनी में आमने-सामने आ गए थे। तिलकराज ने दूसरे पक्ष पर हमला कर हाथ की हड्डी तोड़ने का आरोप लगाया है। जबकि लता जैक्शन ने बलवा की धाराआें में 10-11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि हमलावरों ने वादिया से मारपीट करने के साथ बेटे का सिर फाड़ दिया। उपचार के दौरान सिर में कई टांके आए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर बीना वर्मा ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पुराने विवाद में शामली के पांच लोगाें ने उसके घर के दरवाजे में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर इन लोगों ने पति राजेश वर्मा की आंखों में मिर्च का स्प्रे डालकर मारपीट की।
--
फर्जी दस्तावेजों से जमीन बेचने का आरोप
देहरादून। कैंट कोतवाली क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन बेचने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। ओल्ड सर्वे रोड निवासी पूनम चौधरी ने बताया कि स्वप्न महावर समेत पांच लोगाें ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर समझौते के भूखंड को बेच कर आर्थिक लाभ प्राप्त कर लिया है। पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।