ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
शुगर मिल में गन्ना लेकर आ रहा ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर हाईटेंशन लाइन के पोल को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया। ट्रक के आगे निकलते ही बिजली का पोल पीछे से आ रही रोडवेज बस के ऊपर जा गिरा। बिजली का पोल और तार बस के ऊपर गिरते ही यात्रियों में चीखपुकार मच गई। आननफानन में चालक ने बस रोकी और सवारियों को नीचे उतारा गया। इसके बाद सवारियों की जान में जान आई। गनीमत रही कि पोल को टक्कर लगते ही धमाके के साथ बिजली गुल होने से तारों में करंट नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक लोगों की जान के दुश्मन बन रहे हैं। सोमवार दोपहर 12.30 बजे हरिद्वार से रोडवेज बस सवारियां लेकर लक्सर आ रही थी। बस जैसे ही लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर सुल्तानपुर कुन्हारी गांव के पास पहुंची तो इसी बीच गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक ओवरटेक कर बस से आगे निकल गया। इस दौरान अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़े हाईटेंशन लाइन के पोल को टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर लगते ही जोरदार धमाके के साथ बिजली का पोल पीछे आ रही रोडवेज की बस के ऊपर जा गिरा।
बस के खिड़कियों पर बिजली के तार छूूते ही यात्रियों में चीखपुकार मच गई। चालक ने जैसे-तैसे बस को रोका। बस में करंट नहीं दौड़ने से यात्रियों ने राहत की सांस ली। हादसा देख आसपास के राहगीर भी मौके की ओर दौड़ पड़े। इसके बाद तारों को हटाकर बस में बैठी सवारियों को नीचे उतारा गया। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। रोडवेज की बस में बैठे यात्री ऑटो से किसी तरह लक्सर पहुंचे। वहीं, घटना की सूचना पाकर हरिद्वार से परिवहन निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
ट्रक की टक्कर से हाईटेंशन लाइन का पोल टूट गया। पोल बदलने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज जाएगा। -अमीचंद, उपखंड अधिकारी लक्सर