ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
जमीन के फर्जी दस्तावेज बनाकर युवक से 12.5 लाख रुपये ठग लिए गए। एसआईटी की जांच में ठगी पुष्टि होने के बाद मामले में वसंत विहार पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, साईं बाबा एनक्लेव, देहराखास निवासी जुबैर खान ने एसआईटी में अफगान खान, एहसान, इमरान अली, नवाब खान, शहजाद और अबरार के खिलाफ जमीनी धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि एक नवंबर 2017 में आरोपियों ने उसे कांवली रोड पर एक जमीन दिखाई। जमीन पसंद आने के बाद बयाना और अग्रिम भुगतान के तौर पर जुबैर ने उन्हें 12.5 लाख रुपये दे दिए। बाकी के पैसे जमीन की रजिस्ट्री पर देने थे।
जब जुबैर ने जमीन की रजिस्ट्री कराने तो कहा तो उन्होंने टरकाना शुरू कर दिया। ज्यादा समय बीतने के बाद भी जब उन्होंने रजिस्ट्री नहीं कराई तो जुबैर को संदेह हुआ। एसआईटी ने जब मामले की जांच की तो पता चला कि दस्तावेज फर्जी हैं। जमीन आरोपियों के नाम पर थी। इसके बाद जुबैर ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। वसंत विहार थाना प्रभारी हेमंत खंडूड़ी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।