ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
भंडारी बाग क्षेत्र में जुआरियों ने एक युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। घायल युवक का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है। परिजनों ने पटेलनगर पुलिस पर तहरीर देने के बावजूद मुकदमा दर्ज न करने और तहरीर वापस करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
भंडारी बाग निवासी इमरान का आरोप है कि शुक्रवार शाम भंडारी बाग के पास जुआ खेल रहे कुछ लोगों ने भाई जिशान के साथ मारपीट की और गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद किसी ने जिशान को दून अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। जिशान का दो दिनों से दून अस्पताल में उपचार चल रहा है। इमरान के अनुसार शुक्रवार देर रात मां खालिदा तहरीर लेकर पटेलनगर पुलिस के पास गई थीं, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इमरान का आरोप है कि मारपीट करने वाले कुछ प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदार हैं। इसके कारण पुलिस उन पर तहरीर वापस लेने का दबाव बना रही है। वहीं, पटेलनगर थाना प्रभारी सूर्यभूषण नेगी ने तहरीर मिलने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।