चाचा को चूना लगाने का आरोपी गिरफ्तार
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। चाचा को 2.30 लाख रुपये का चूना लगाने के आरोप में युवक और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि उन्होंने चेक चुराकर दोस्तों की मदद से फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक से रकम निकाल ली थी।
पुलिस के अनुसार, इंदिरा नगर निवासी राज सिंह का भारतीय स्टेट बैंक में खाता है। वह 23 जून को एटीएम से दस हजार रुपये निकालने गए थे। उस वक्त उन्हें खाते में शेष राशि एक लाख 70 हजार रुपये दिखी जबकि राज सिंह के मुताबिक उनके खाते में चार लाख रुपये होने चाहिए थे। उन्होंने बैंक जाकर बैलेंस चेक कराया तो पता चला कि उनके खाते से रकम चेक के माध्यम से निकाली गई है। यह निकासी आठ से 19 जून के बीच पांच चेक से हुई है। इसके बाद बैंक ने अपने स्तर से जांच कराई। सोमवार को बैंककर्मियों ने सहारनपुर के देवबंद जाकर लोकेश्वर को पकड़ लिया था। पूछताछ में लोकेश्वर ने बैंककर्मियों को बताया कि यह चेक उसके दोस्त अंकुर निवासी हरिद्वार ने दिए थे।
डालनवाला थानाध्यक्ष राजीव रौथाण ने बताया कि आईएसबीटी के पास से अंकुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान राज सिंह ने अंकुर की पहचान अपने भतीजे के रूप में की। पूछताछ में अंकुर ने बताया था कि वह पिछले दिनों अपने चाचा राज सिंह के घर आया था। इसी दौरान उसने मौका पाकर राज सिंह की चेकबुक से 16 चेक चुरा लिए थे। इसके बाद फर्जी हस्ताक्षर कर रकम निकाल ली। मामले में अंकुर ने अपने दो दोस्तों मीरपुर हरिद्वार निवासी नीरज और टिहरी विस्थापित कॉलोनी हरिद्वार निवासी पारस के नाम भी बताए गए थे। दोनों फरार थे, जिन्हें शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।