ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
रायवाला स्थित वैदिकनगर क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर शुक्रवार तड़के अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
रायवाला पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब चार बजे वैदिकनगर तिराहे के पास 32 वर्षीय युवक को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर चोटें लगने की वजह से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक के कपड़ों की तलाशी में पहचान संबंधी कोई कागज आदि बरामद नहीं हुआ। उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। युवक की पहचान के लिए भी स्थानीय स्तर पर भी कोशिश जारी है। इस बाबत आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी सूचित कर किया गया है। शव को पहचान होने तक 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।