बस सेवा से जोड़े जाएं जौनसार के तीर्थ
ब्यूरो/अमर उजाला
त्यूनी।
जौनसार बावर के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों तक परिवहन निगम की बसें चलाने की मांग को लेकर स्थानीय युवाओं ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। युवाओं ने बताया कि जौनसार बावर के हनोल स्थित महासू देवता मंदिर और रायगी स्थित शेडकुडिया मंदिर में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन यातायात के पर्याप्त साधन न होने के कारण लोगों को छोटे वाहनों में जान जोखिम में डाल सफर करना पड़ता है। ऐसे में इन तीर्थ स्थलों के निगम की सेवा से जुडऩे के बाद न सिर्फ श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी बल्कि पर्यटन का भी विकास होगा। उन्होंने क्षेत्र के लिए वाया मीनस होते हुए हनोल, देहरादून से रायगी, त्यूनी से दिल्ली, देहरादून से सावड़ा और बुल्हाड़, बायला तक बस सेवा संचालन की मांग की। उधर महाप्रबंधक दीपक जैन ने कहा कि नए रूट के लिए सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर बसों का संचालन किया जाएगा।
ज्ञापन भेजने वालों में विक्रम पंवार, आदित्य पंवार, तेजपाल राणा, संजय चौहान, बलवीर, गौरव ठाकुर, नितिन राणा, राहुल रावत, शुभम खन्ना, अनिल खत्री, विवेक थापा, रमेश सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं।