ब्यूरो/अमर उजाला /देहरादून।
स्वामी विवेकानंद ने भारत वर्ष को विश्व पटल पर पहचान दिलाई। उनके आदर्श और विचार वर्तमान में भी प्रासंगिक हैं। स्वामी जी ने भारत वर्ष की आध्यात्मिक शक्ति को जगाने का काम किया। युवाओं को स्वामी से प्रेरणा लेने की जरूरत हैं। ये बातें शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आशारानी ज्ञानचंद सरस्वती शिशु मंदिर नयागांव पीलियों में आयोजित युवा महोत्सव के दौरान मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल ने कहीं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि दुनिया में भारत ही ऐसा देश है जहां सबसे अधिक युवा हैं। यदि युवा अपनी शक्ति को पहचान कर अपने ज्ञान और मेधा के आधार पर कार्य करें तो यह देश विश्व गुरु के पद पर आसीन होगा। विशिष्ट अतिथि सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। इस देश का नेतृत्व ऐसे हाथों में है जिन्होंने विश्व पटल पर देश का नाम रोशन किया है। मुख्य वक्ता विद्या भारती के संगठन मंत्री भुवनचंद ने कहा कि हम सभी को स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करना चाहिए। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने सो वर्ष पूर्व थे। कार्यक्रम में आयोजक खेम चंद गुप्ता, चंद्रमोहन नैथानी, दुर्गा प्रसाद तिवारी, सुखवीर सिंह बुटोला, मुकेश आनंद, आशीष गुप्ता, दयानंद जोशी, अनुज बंसल, विनीत चौधरी आदि मौजूद रहे।
नशामुक्ति राष्ट्र का निर्माण नाटक प्रस्तुत किया
जिम पायनियर स्कूल में आयोजित युवा दिवस समारोह में मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल ने कहा कि युवाओं में राष्ट्रीयता की भावना जागृत करने में स्वामीजी का अहम योगदान रहा। इस मौके पर प्रधानाचार्य जगदीश पांडे ने कहा कि स्कूल में हर साल उनकी जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम में निकिता जोशी, बबीता रावत, सोनम, दिव्या तोमर, आयुष जोशी, नितिन कुमार, गौरव पाल, आयुष जोशी, आयुष यादव और नितिन कुमार ने नशामुक्त राष्ट्र का निर्माण विषय पर नाटक प्रस्तुत किया।