बारिश से पुल का पुश्ता ढहा, पेड़ भी गिरे
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। राजधानी में बुधवार को हुई तेज बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। बारिश के कारण हरिद्वार हाईवे पर कारगी चौक के पास पुल का पुश्ता ढहने से करीब तीन घंटे यातायात बाधित रहा। इसके अलावा रेंजर्स कॉलेज परिसर के एक पेड़ के गिरने से बाइकसवार युवक घायल हो गया। वहीं बिंदाल और रिस्पना नदियां के उफान पर होने कारण किनारे बसे मकानों और दुकानदारों को खासा नुकसान पहुंचा है।
आईटी पार्क के पास फंसी कार
तेज बारिश के दौरान आईटी पार्क के पास बने रपटे में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। इसी दौरान सहस्रधारा की तरफ से आ रही एक कार फंस गई। कार में सवार दंपति ने पुलिस को फोन किया गया तो कुछ देर बाद वहां आईटी पार्क चौकी से पुलिसकर्मी पहुंच गए। उन्होंने दंपति को कार से सकुशल बाहर निकाला और दूसरे वाहन से घर पहुंचवाया। इसके बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने कार पानी के बहाव से बाहर निकाली।
बिंदाल नदी के पुल का पुश्ता ढहा
भारी बारिश के कारण हरिद्वार हाईवे पर कारगी चौक के पास बिंदाल नदी पर बने पुल के पुश्ता ढह गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात रोक दिया गया। इससे करीब तीन घंटे तक जाम की स्थिति रही। हालांकि पुलिस ने मोर्चा संभालत हुए एकल मार्ग व्यवस्था कर वाहनों की आवाजाही शुरू कराई। वहीं इस दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पूर्णरूप से प्रतिबंधित कर दी गई है। एसपी ट्रैफिक लोकेश्वर सिंह ने बताया कि इधर आने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है। पुश्ता निर्माण कराने के बाबत संबंधित विभाग को सूचित कर दिया गया है।
चलती बाइक पर गिरा पेड़, युवक घायल
बुधवार शाम करीब साढ़े तीन बजे रेंजर्स कॉलेज परिसर का एक विशालकाय पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ के नीचे एक बाइक सवार दबकर बुरी तरह घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तररह घायल को पेड़ के नीचे से निकाला और इमरजेंसी सेवा 108 को फोन किया। मगर काफी देर तक 108 के न पहुंचने पर लोगों ने प्राइवेट एंबुलेंस की मदद से युवक को दून अस्पताल पहुंचाया जहां आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है।