एलबीएस अकादमी के कर्मचारी के खाते से उड़ाए 62 हजार रुपये
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
फोन पर खाते की गोपनीय जानकारियां मांग कर लाल बहादुर शास्त्री आईएएस अकादमी के कर्मचारी के खाते से 62 हजार रुपये उड़ा लिए गए। पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी राजेश साह ने बताया कि कुंज विहार बंजारावाला निवासी कमलेश प्रसाद मसूरी में एलबीएस अकादमी में क्लर्क के पद पर तैनात हैं। कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसमें उनका एटीएम कार्ड ब्लॉक होने की बात कही और उनसे एटीएम कार्ड नंबर व सीवीवी कोड पूछ लिया। इसके कुछ देर बाद उन्हें फिर कॉल आई, कॉल करने वाले ने उनसे ओटीपी भी उनसे पूछ लिया। कमलेश प्रसाद ने उन्हें ओटीपी बता दिया। इस पर कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से 62 हजार रुपये निकले जाने का मैसेज आया। जिस पर उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। एसओ राजेश साह ने बताया कि आरोपियों ने उनके खाते से विभिन्न ऑनलाइन साइट्स से खरीददारी की है। पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी और आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस मामले में आईटी सेल और साइबर क्राइम थाना पुलिस की भी मदद लेगी।