ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
वार मेमोरियल ब्वायज एंड गर्ल्स हॉस्टल से अन्य बच्चों के साथ शनिवार को क्लेमेंटटाउन स्थित आर्मी स्कूल पहुुंची 14 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। छात्रा का स्कूल में पहला दिन था और उसे फीस जमा करनी थी। बताया जा रहा है कि छात्रा वॉशरूम जाने की बात कहकर निकली थी। वहीं हॉस्टल के इंचार्ज ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। प्रथम दृष्टया मामला छात्रा के माहौल में एडजस्ट न होने का बताया जा रहा है।
क्लेमेंटटाउन थाना इंचार्ज दिलबर सिंह नेगी के अनुसार लैंसडौन पौड़ी गढ़वाल निवासी सतीश गिरी ने अपनी 14 वर्षीय बेटी सृष्टि गिरी का दाखिला क्लेमेंटटाउन स्थित आर्मी स्कूल में कराया था। सतीश गिरी शुक्रवार को बेटी सृष्टि को वार मेमोरियल ब्वायज एंड गर्ल्स हॉस्टल में छोड़ गए थे। वहां से शनिवार को सृष्टि 19 बच्चों के साथ सेना के वाहन से क्लेमेंटटाउन स्थित आर्मी स्कूल गई थी। सृष्टि का स्कूल में पहला दिन था और उसे फीस जमा करनी थी। वह रिसेप्शन पर फीस जमा कराने पहुंची थी। इसी दौरान उसने वॉशरूम जाने को कहा। इस पर स्कूल की एक महिला कर्मचारी उसे वॉशरूम सेक्शन तक पहुंचाने गई, लेकिन काफी देर तक सृष्टि के नहीं आने पर महिला कर्मचारी ने सृष्टि की खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। छात्रा के गुम होने की सूचना पर आर्मी अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सृष्टि की तलाश की, कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद हॉस्टल के इंचार्ज सोहन सिंह ने क्लेमेंटटाउन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। थाना इंचार्ज दिलबर सिंह नेगी के बताया कि सृष्टि की सहेलियों के अनुसार सृष्टि देहरादून के माहौल में अपने-आप को एडजस्ट नहीं कर पा रही थी। शायद इसी के चलते वह बिना बताए कहीं चली गई है।