एलबीएस अकादमी में फर्जी आईएएस मामले में विशेष जांच टीम (एसआईटी) की चार घंटे तक चली पूछताछ में अकादमी के उपनिदेशक सौरभ जैन से 29 सवाल पूछे गए।
सावधानीपूर्वक जवाब देते हुए जैन ने रूबी चौधरी के लगाए आरोपों को नकार दिया। अधिकतर सवालों का जैन ने गोलमोल जवाब दिया, लेकिन अकादमी में एक बार रूबी से मुलाकात की बात स्वीकार की।
रूबी चौधरी प्रकरण में एलबीएस अकादमी के उपनिदेशक सौरभ जैन पहले दिन से शक के घेरे में हैं। रूबी ने उन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
बृहस्पतिवार को एसआईटी प्रभारी और सीबीसीआईडी की पुलिस अधीक्षक शाहजहां जावेद अंसारी ने अकादमी परिसर में शाम सात से रात 11 बजे तक सौरभ जैन से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए। बताया जा रहा है कि जैन पूरी तैयारी के साथ एसआईटी के सामने पहुंचे।
अकादमी में रूबी से मिलने की बात स्वीकारी
रूबी द्वारा केंद्रीय मंत्री के पीए के जरिये मुलाकात के सवाल पर जैन ने कहा कि वह पहली बार रूबी से अकादमी में ही मिले थे। इससे पहले कोई मुलाकात नहीं हुई। बताया जा रहा है कि रूबी से मिलने की वजह भी उन्होंने बताई है, लेकिन एसआईटी इसका खुलासा नहीं कर रही।
रूबी के लाइब्रेरी में नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये के आरोपों को झूठा बताया है। जैन ने रूबी के अकादमी में रहने की बात पर अनभिज्ञता जताई। उनके मुताबिक जानकारी मिलने के अगले दिन ही रूबी को बाहर कर दिया गया।
रूबी के अकादमी में उन पर ही फोकस करने के सवाल पर जैन ने जवाब दिया कि वह इस बारे में कुछ नहीं कह सकते हैं, लेकिन प्रशिक्षु आईएएस के बैच प्रभारी का पद अहम होता है, जिस कारण वह हर किसी के निशाने पर होता है। इस दौरान एसआईटी ने कई क्रॉस सवाल भी किए, लेकिन जैन ने अधिकतर का जवाब ना में ही दिया।