चेन स्नेचर की चाल के आगे पुलिस बेबस
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
राजधानी में चेन लुटेरों की चाल के आगे पुलिस की सारी रणनीति फेल साबित हो रही है। पुलिस कुछ संदिग्ध बाइक सवारों के सीसीटीवी कैमरों में कैद होने का दावा जरूर कर रही है। इन्हीं के आधार पर चेन लूट की गुत्थियां सुलझाने में जुटी है। सीमावर्ती जनपदों के कुछ ज्वैलर्स भी पुलिस के रडार पर हैं, जिन्हें चेन बेचने का शक है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक माह के भीतर शहर में आधा दर्जन से ज्यादा चेन लूट की वारदातें हो चुकी हैं। इनमें से तीन वारदातों को अंजाम शहर के पॉश इलाके वसंत विहार में दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इन दिनों शहर में चेन लुटेरों के दो गिरोह सक्रिय हैं। इनमें एक अकेला युवक घटना को अंजाम देता है। जबकि, एक गिरोह दो युवकों वाला है। दोनों के पास ही पल्सर मोटरसाइकिल है, जिनका इस्तेमाल वारदातों में किया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस को कई ऐसे सीसीटीवी फुटेज मिले, जिनमें ये संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि, एक सीसीटीवी फुटेज में दो युवक हेलमेट पहने हैं। इसी कारण इनकी पहचान मुश्किल हो रही है। उधर, सूत्रों की मानें तो अकेले घटना को अंजाम देने वाले युवक की पुलिस के पास साफ तस्वीर मौजूद है, जिसकी तलाश में कई टीमों को सीमावर्ती जनपदों में भी भेजा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने बताया कि पुलिस को बहुत से ऐसे सुबूत मिले हैं जिनके माध्यम से इन लुटेरों तक जल्द पहुंचा जा सकेगा।