ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
एसओजी और ऋषिकेश पुलिस ने चंद्रबनी में छिपे ढाई हजार के इनामी अंतरराज्यीय शराब तस्कर सन्नी गांधी को गिरफ्तार कर लिया है। सन्नी लंबे समय से शराब तस्करी में लिप्त है। उसके खिलाफ कई राज्यों में 26 के करीब मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी का कार्यभार देख रहे एसपी यातायात लोकेश्वर सिंह ने बताया कि सन्नी गांधी निवासी शांति नगर ऋषिकेश की काफी समय से तलाश थी। उस पर ढाई हजार रुपये का इनाम घोषित था। सन्नी जिले का पुराना शराब तस्कर है, जो हरियाणा से विभिन्न माध्यमों से शराब मंगाकर उत्तराखंड में बेचता है। गोपनीय जानकारी मिलने के बाद सहायक पुलिस अधीक्षक निहारिका भट्ट की अगुवाई में एसओजी प्रभारी पीडी भट्ट और ऋषिकेश पुलिस ने भुत्तोवाला चौक से सन्नी गांधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सन्नी के खिलाफ देहरादून के अलावा दिल्ली, हरियाणा, टिहरी गढ़वाल, ऋषिकेश आदि में 26 के करीब मामले दर्ज हैं। आरोपी 2013 से पंचकुला हरियाणा से वांछित भी चल रहा है। बता दें चुनाव आचार संहिता के दौरान पकड़ा गया शराब का ट्रक सन्नी ने ही अपने साथियों की मदद से मंगाया था। ट्रक से जब्त शराब के गुडवर्क को लेकर देहरादून और टिहरी पुलिस में तलवारें खींच गई थी। हालांकि डीजीपी के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलट गया था।