ब्यूरो/ऋषिकेश। रायवाला थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिपुरकलां में युवक की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ कई सुराग लगे हैं। मामले के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें यूपी और दिल्ली के भेजा गया है। इसके साथ ही पुलिस संदिग्ध लोगों के साथ ही मृतक की पत्नी से भी शक के आधार पर पूछताछ करने में जुटी है। पीएम रिपोर्ट के मुताबिक लोकेश को किसी भारी वजनदार वस्तु से पीटा गया है, जोकि सरिया या लोहे की रॉड हो सकती है। पुलिस को मामले में मृतक की पत्नी पर भी शक जाहिर किया है।
हरिपुरकलां ग्रामसभा स्थित गंगा सूरजपुर बस्ती में किराए के मकान में रहने वाले लोकेश पुत्र धर्मपाल मूल निवासी ग्राम लंढौरा, सहारनपुर, यूपी की हत्या की गुत्थी पुलिस सुलझाने के काफी करीब पहुंच चुकी है। थाना प्रभारी निरीक्षक महेश जोशी ने बताया कि हत्या के खुलासे के लिए बिजनौर, सहारनपुर और दिल्ली के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। स्थानीय स्तर पर भी पुलिस टीमें संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश देने में लगी हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत के मुताबिक मृतक की पीएम रिपोर्ट में उसके शरीर पर वजनदार वस्तु से कई बार वार करने की पुष्टि हुई है। जिसमें संभवत: लोहे की रॉड या फिर सरिया भी हो सकता है। बताया कि लोकेश की पत्नी से भी शक के आधार पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस जल्द ही हत्या के आरोपियों को सामने लाएगी। बताया कि सभी पहलुओं की पुष्टि होने के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।