ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
नंदा की चौकी के पास रविवार सुबह के बेकाबू डंपर चालक ने पति साथ बाइक से जा रही एक महिला को रौंद दिया। हादसे में महिला का पति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रविवार शाम डंपर चालक को हसनपुर धर्मावाला के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
कावा खेड़ा कांडोई भरम त्यूणी निवासी बुद्ध सिंह रविवार सुबह पत्नी बीना देवी (37) के साथ बाइक से निकले थे। नंदा की चौकी के पास रेजेंटा होटल के सामने पीछे से आए बेकाबू डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बीना बाइक से उछलकर दूर सड़क पर गिर पड़ीं। इसके बाद घटनास्थल से भागने के चक्कर में डंपर चालक बीना को रौंदते हुए भाग निकला। हादसे में बुद्ध सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देख स्थानीय लोगाें ने प्रेमनगर थाना पुलिस को सूचना दी और निजी वाहन से दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने बीना देवी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार बुद्ध सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। जांच में डंपर चालक द्वारा ओवरटेक करने की बात सामने आ रही है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद डंपर चालक हसनपुर सहसपुर निवासी चालक नूर हसन को रविवार शाम हसनपुर धर्मावाला के पास से गिरफ्तार कर लिया गया और डंपर सीज कर दिया गया है।