ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
रायपुर थाना क्षेत्र स्थित लाडपुर के जंगल में मंगलवार अपराह्न एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव बुरी तरह से सड़ और गल चुका था। पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। हालांकि मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार अपराह्न सूचना मिली कि एक शव लाडपुर के जंगल में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रदीप राय और सीओ सिटी चंद्रमोहन पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। शव बुरी तरह से गल चुका था। पुलिस को अंदेशा है कि शव करीब 15-20 दिन पुराना है। सड़ने और गलने के कारण शव पर चोट आदि के निशान नहीं मिल रहे हैं, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि कहीं हत्या कर शव को यहां फेंका गया है या फिर बाहर से किसी युवक को लाकर हत्या की गई है। मृतक की उम्र करीब 37 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कोरोनेशन अस्पताल में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।