ब्यूरो/विकासनगर।
ढालीपुर में एआरटीओ कार्यालय के सामने स्थित आम के बाग पर भू-माफियाओं ने बिना अनुमति के चोरी-छिपे 25 से अधिक पेड़ों का सफाया कर दिया गया। पेड़ों के कटान का पता न चले इसके लिए ठूंठ को मिट्टी से दबाने की कोशिश की गई। अवैध पातन की गई लकड़ी को पास ही स्थित झाड़ियों में छिपा छिपा दिया गया। मौके पर पहुंची वन विभाग और उद्यान विभाग की टीम ने बाग का निरीक्षण किया। जांच में भी अवैध पातन की पुष्टि हुई है। मामले में दोनों विभाग ने कार्रवाई की बात कही है।
लोगों का कहना है कि रात के अंधेरे में कटर से पेड़ों को काटा जाता है। उन्होंने बताया कि बीते 7-8 दिन से यह खेल चल रहा है। रात के अंधेरे में काटे गए पेड़ों को ठिकाने लगा दिया जाता है। बाग के बीच में सड़क बनाने के लिए पत्थर और रेत के ढेर भी मिले। बीते साल मई में इसी बाग में चोरी-छिपे 32 से अधिक पेड़ों का अवैध पातन कर दिया गया था। जिसके बाद एसडीएम जितेंद्र कुमार के निर्देश पर हरकत में आए उद्यान विभाग ने बाग स्वामी और ठेकेदार के खिलाफ फॉरेस्ट एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया था। अवैध पातन को रोकने के लिए बाग की वीडियो रिकार्डिंग भी कराई गई थी। इसके साथ ही बाग स्वामी को पेड़ों के कटान से संबंधित किसी भी प्रकार की स्वीकृति देने पर रोक लगा दी गई थी।
बाग स्वामी को किसी भी प्रकार के कटान की अनुमति प्रदान नहीं की गई। प्रथम दृष्टया अवैध कटान की पुष्टि हुई है। मामले में रिपोर्ट तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। - इंदु भूषण कमोला, एसडीओ उद्यान विभाग
बाग का स्थलीय निरीक्षण किया गया है। कार्रवाई के लिए उद्यान विभाग जवाबदेह है। फिलहाल रिपोर्ट तैयार कर डीएफओ को भेजी जाएगी। - पूजा रावल, रेंजाधिकारी तिमली रेंज
दुबारा से पेड़ों का अवैध पातन हुआ है तो मामला गंभीर है। उद्यान और वन विभाग से मामले में रिपोर्ट मांगी गई है।
- जितेंद्र कुमार, एसडीएम विकासनगर