आज न्यायिक कार्यों से विरत रहकर राजभवन कूच करेंगे अधिवक्ता
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। अधिवक्ताओं को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं और पेंशन संबंधी जैसी मांगों को लेकर मंगलवार को अधिवक्ता राजभवन कूच करेंगे। पूरे देश के साथ देहरादून बार एसोसिएशन के अधिवक्ता भी मंगलवार को न्यायिक कार्यों से विरत रहकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे। इससे पहले सोमवार को अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें पूरी कराने की अपील की।
देहरादून बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि अधिवक्ताओं की ऐसी कई मांगे हैं जिनके लिए लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा है। अधिवक्ताओं की मांग है कि उन्हें न्यायालय परिसरों के आसपास चेंबर उपलब्ध कराए जाएं। नए अधिवक्ताओं को पांच साल तक 10 हजार रुपये प्रतिमाह देने, अक्षम अधिवक्ताओं के लिए पेंशन, 50 लाख रुपये तक का बीमा, 50 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और देश व विदेश में मुफ्त चिकित्सा उपलब्ध कराए जाने की मांगें शामिल हैं। कंडवाल ने बताया कि मंगलवार को पूरे देश में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई है। इसी क्रम में देहरादून बार एसोसिएशन के अधिवक्ता भी सुबह 11 बजे से कचहरी से राजभवन के लिए कूच करेंगे। इसके बाद राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा। कंडवाल ने बताया कि सोमवार को इस संबंध में बैठक की गई थी, जिसमें मंगलवार के कूच में अधिक से अधिक अधिवक्ताओं के शामिल होने को कहा गया है।