एक को नौकरी, दूसरे को एटीएम के जरिये ठगा
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
राजधानी के अलग-अलग क्षेत्रों में दो लोगों के साथ ठगी का मामला सामने आया है। पहले मामले में विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी गई है। जबकि दूसरे मामले में एक व्यक्ति के एटीएम से 60 हजार रुपये निकाल लिए गए। दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
नेहरू कॉलोनी निवासी अंकित बोड़ाई ने थाने में दी तहरीर में बताया कि एक व्यक्ति ने नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 68400 रुपये ठग लिए हैं। आरोपी का नाम शुशांक बताया जा रहा है। आरोप है कि शुशांक ने अंकित से फोन पर बात की थी। उसने बताया कि वह एक कंपनी के माध्यम से उसकी विदेश में नौकरी लगवा सकता है। इसके लिए उसे 68400 रुपये खर्च करने होंगे। इस पर अमित ने उसके बैंक खाते में पूरी रकम जमा करा दी थी। जब काफी समय तक नौकरी नहीं लगी तो अमित ने इसकी शिकायत नेहरू कॉलोनी थाना में की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
डालनवाला थाने में दीपक बोहरा ने एटीएम के जरिये ठगी की शिकायत की है। बोहरा ने बताया कि किसी व्यक्ति ने उसके एचडीएफसी बैंक खाते से 60 हजार रुपये निकाल लिए हैं। जांच में पता चला है कि रकम 20-20 हजार रुपये करके दिल्ली के कालका जी स्थित एटीएम से निकाले गए हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।