ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। नेहरू कालोनी पुलिस ने राजधानी में होंडा सिटी में घूमकर चोरी करने वाली एक गैंग का भंडाफोड़ किया है। गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर इनसे 75 हजार रुपये के साथ लाखों रुपये का माल बरामद किया है। पुलिस ने दावा किया है कि बरामद माल शहर में हुई चोरी की चार घटनाओं का है। आरोपी माल बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। आरोपियों में एक अमरोहा (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है।
नेहरू कालोनी क्षेत्र में जून में चोरों ने सरस्वती विहार निवासी कुलानंद पोखरियाल, कुंज विहार स्थित शिक्षक राजेंद्र ढौंडियाल और नारायण विहार में सेल्स टैक्स कर्मचारी विकास मौर्य के घर में हुई चोरी की वारदातों ने पुलिस की बेचैनी बढ़ा दी थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने एसपी सिटी की अगुवाई में टीम गठित कर इनकी धरपकड़ के निर्देश दिए थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस के हाथ कुछ सुराग हाथ लगे थे। तीनों चोरी की घटनाओं में होंडा सिटी कार की मौजूदगी नजर आई थी। पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे के मुताबिक बुधवार को सूचना मिली कि ब्राह्मणवाला में कुछ युवक एलइडी, गिटार आदि सामान बेचने की फिराक में है। वे कई लोगों से संपर्क कर चुके हैं। इस पर नेहरू कॉलोनी और एसओजी टीम को सक्रिय किया गया। पुरानी बाईपास चौकी पर चेकिंग के दौरान होंडा सिटी कारसवार को रोका गया। कार में एलइडी, कैमरा, गिटार, जेवर बरामद होने पर तीनों युवकों (सारिक निवासी आजाद कॉलोनी, फिरोज निवासी ब्राह्मणवाला थाना पटेल नगर और निसार निवासी धनोरा मंडी, अमरोहा, उत्तर प्रदेश) को हिरासत में लिया। पूछताछ में इन्होंने नेहरू कॉलोनी की तीन और पंडितवाड़ी की चौथी चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। घटना में प्रयुक्त होंडा सिटी को सीज कर दिया है।
यह माल हुआ बरामद
एलइडी, गिटार, दो कैमरे, लैपटॉप, मोबाइल, सोने की चार अंगुठियां, मंगलसूत्र, नथ, टॉप्स, झुमके, मोबाइल, लेडीज सूट, घड़ी के अलावा 75 हजार रुपये भी बरामद किए गए। बरामद माल शहर से ही चार मकानों से चुराया गया था। आरोपियों ने कुछ जेवर बिजनौर में भी औने-पौने दामों में बेचे थे।
जेल में हुई थी तीनों की दोस्ती
पकड़े गए तीनों चोरों की दोस्ती जेल में रहते हुई थी। सारिक, नासिर और फिरोज पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं। जेल में रहते हुए उन्हाेंने साथ में घटना करने की योजना बनाई थी। नासिर बेहद शातिर है। यह पहले भी कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
60 से अधिक संदिग्धाें से की थी पूछताछ
देहरादून। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुराने अपराधियों का मैनुअल सत्यापन भी कराया गया। कॉल डिटेल के माध्यम से उनकी लोकेशन खंगालने के साथ ही उनकी गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटाई गई। करीब 60 संदिग्धाें को थाने लाकर पूछताछ की गई। उसी आधार पर भी कुछ जानकारी मिली थी।