लुटेरों का चक्रव्यूह भेदने के लिए पुलिस ने झोंकी ताकत
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। एनआरआई को गोली मारकर नौ लाख रुपये लूट के मामले में पुलिस ने लुटेरों के चक्रव्यूह भेदने को पूरी ताकत झोंक दी है। लुटेरों की धरपकड़ के लिए पुलिस की चार टीम लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के साथ घटनास्थल के मोबाइल टावर के कई लाख नंबरों में से संदिग्ध नंबर को तलाशा जा रहा है। एसओजी के अलावा प्रेमनगर के पूर्व थानेदारों को टीम में शामिल किया गया है। पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी की भूमिका शक के दायरे में है। वारदात के समय सहारनपुर से कोई शख्स उसके संपर्क में था। कुल मिलाकर लूट प्रकरण में पुलिस जांच फिलहाल सहारनपुर पर केंद्रित है।
प्रेमनगर क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार रात एनआरआई गगन भाटिया को गोली मारकर करीब नौ लाख रुपये की लूट कर पुलिस की नींद उड़ा दी है। गगन के पिता चरणजीत भाटिया की तरफ से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह वारदात भी ऐसे में समय हुई, जब विधानसभा सत्र चल रहा है। व्यापारियों के आक्रोश के बीच मंगलवार को प्रेमनगर में बाजार बंद और पेट्रोल पंपों की हड़ताल की मुश्किल और बढ़ा दी है। लुटेरों की धरपकड़ के लिए पुलिस की चार टीमें बनाकर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। एक टीम को सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करने और दूसरी टीम को प्रेमनगर के मोबाइल टावर का डाटा लेकर संदिग्ध नंबर को तलाशने की जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस की तीसरी टीम ने पेट्रोल पंप पर कार्यरत 12 कर्मचारियों से कई दौर की बातचीत करने के साथ उनकी कॉल डिटेल का अवलोकन किया है। वारदात के समय एक कर्मचारी सहारनपुर के एक शख्स के साथ मोबाइल पर संपर्क में था। पुलिस टीम ने सहारनपुर पहुंचकर उस व्यक्ति से भी बातचीत की है। इसके अलावा कई अन्य संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है।
--
प्रेमनगर लूट प्रकरण में पुलिस को कुछ अहम जानकारियां मिली हैं, जिन पर काम चल रहा है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। लुटेरों की धरपकड़ के लिए पुलिस की चार टीम लगाई गई हैं, जो आसपास के जिलों में संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं।
- निवेदिता कुकरेती, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
---------
सदन में विपक्ष के बहिष्कार से बढ़ी पुलिस की बेचैनी
देहरादून। प्रेमनगर में लूट और कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दे पर सदन में विपक्ष के बहिष्कार ने पुलिस की बेचैनी बढ़ा दी है। पुलिस पर वारदातों के खुलासे का दबाव बढ़ गया है। शासन और अफसरों ने जिला पुलिस को जल्द से जल्द लुटेरों की धरपकड़ के आदेश दिए हैं। देर रात तक पुलिस अधिकारी कार्रवाई की समीक्षा करते रहे।
-------
दो-दो चीता मोबाइल के सहारे थाना क्षेत्र
देहरादून। शहर क्षेत्र में अपराधियों की बढ़ती सक्रियता पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। दरअसल, यात्रा सीजन के कारण थानों में पुलिस बल की कमी हो गई है। अधिकांश थानों के सिपाही मसूरी, सहस्त्रधारा, गुच्चूपानी के अलावा चार धाम यात्रा में ड्यूटी पर भेजे गए हैं। अधिकांश थाना क्षेत्र दो-दो चीता मोबाइल के सहारे चल रहे हैं। उप निरीक्षकों की संख्या भी कम है।