क्लेमेंटटाउन कैंट में सफाई व्यवस्था का टेंडर न होने तक 50 आउटसोर्स कर्मचारी सफाई करेंगे। इनमें 30 नियमित सफाई करेंगे। 10 मानसून के दौरान नालियों की सफाई करेंगे। जबकि 10 कर्मचारियों की टीम आपातकालीन स्थिति में सफाई करेगी। यह फैसला बुधवार को हुई कैंट की विशेष बोर्ड बैठक में लिया गया।
बोर्ड के अध्यक्ष ब्रिगेडियर सुभाष पनवर की अध्यक्षता में हुई बैठक में कैंट के नए सीईओ अभिषेक राठौर ने बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के तौर पर शपथ ली। जिसके बाद कैंट की सफाई, विकास कार्यों समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कैंट की सफाई व्यवस्था का टेंडर निरस्त होने के बाद से सफाई व्यवस्था चरमरा गई है।
कैंट उपाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए टेंडर न होने तक 50 आउटसोर्स कर्मचारी कैंट में सफाई करेंगे। बैठक में साल 2019-20 का बजट भी प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि जून के अंत में होने वाली बोर्ड बैठक में भवन मानचित्र, विकास कार्यों आदि के प्रस्ताव रखे जाएंगे। सात वार्डों में 112 एलईडी लाइटें लगाने के लिए भी जल्द टेंडर किए जाएंगे।