ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र के सुभाषनगर में चोरों ने दिन-दहाड़े एक व्यापारी की कोठी के ताले तोड़ कर 40 हजार की नगदी समेत लाखों के गहने पार कर दिए। चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की पहचान में जुट गई है।
क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र के सुभाषनगर निवासी सरदार राजेंद्र सिंह का धामावाला बाजार में कारोबार है। राजेंद्र सोमवार सुबह अपने बेटे के साथ धामावाला स्थित अपने प्रतिष्ठान पर चले गए थे। शाम करीब चार बजे राजेंद्र का बेटा कुछ सामान लेने कोठी पर पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर टूटे तालों पर पड़ी। अंदर जाकर देखा तो कमरों में पूरा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी के ताले तोड़ने के साथ कोठी का हर कोना खंगाला लिया था। कोठी का यह नजारा देख उसने पिता राजेंद्र और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची क्लेमेंटटाउन पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद वहां लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी देखे। फुटेज में दो युवक कोठी के अंदर जाते और बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। इसी आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और दोनों युवकों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।