सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक बेरोजगार युवक से 25 लाख रुपये ठग लिए। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ मुकदमा कर लिया है। डालनवाला कोतवाली की एमडीडीए कॉलोनी निवासी सौरभ वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आरोपी आशुतोष त्रिपाठी और उसकी पत्नी नंदिनी त्रिपाठी ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। जल्द नौकरी लगाने के लिए आरोपी दंपति के कहने पर अलग-अलग तिथि में 25 लाख रुपये दिए गए।
लेकिन, उसके बाद दंपति नौकरी दिलाने के नाम पर टाल-मटोल करता रहा। अब वह पैसा वापस मांग रहा है तो दंपति देने से साफ इनकार कर रहा है। इस पर पुलिस ने दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि अधिकारियों के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित अभी तक पुलिस के सामने नहीं आया है। पीड़ित के बयान के बाद घटना की सही जानकारी मिल पाएगी।