ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
शहरी क्षेत्र के जंगलों में शनिवार को तीन स्थानों पर आग भड़क गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे फायरकर्मियाें ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया। शनिवार को शहरी क्षेत्र के जंगलों में तीन स्थानों पर आग लग गई।
राजपुर थाना क्षेत्र के ओल्ड मसूरी रोड के जंगल में शनिवार पूर्वाह्न में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के आग बुझा दी। इसके अलावा सुद्धोवाला के जंगल में आग लगने से आसपास अफरातफरी का माहौल रहा। आग का दायरा काफी तेजी से बढ़ रहा था, लेकिन दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद आग बुझा दी। कैंट कोतवाली क्षेत्र में विजय कॉलोनी के पास झाड़ियों में आग फैल गई। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। कामयाबी नहीं मिलने पर दमकल कर्मचारियों को बुलाया गया। इसके बाद फायरकर्मियाें ने पानी डालकर आग बुझाई।
शार्ट सर्किट से लगी थी शोरूम में आग
फायर महकमे ने शुक्रवार रात राजपुर रोड स्थित निर्माणाधीन शोरूम में लगी आग का कारण शार्ट सर्किट बताया है। मधुबन होटल के पास स्वराज प्लाजा में जगदीश भाटिया कपड़े की दुकान के लिए फर्नीचर तैयार करा रहे थे। शुक्रवार रात इसी दुकान में आग लग गई थी। फायर विभाग की तीन गाड़ियों की मदद से आग बुझा दी गई थी।
आठ व्यावसायिक संस्थानों को नोटिस
देहरादून। सूरत अग्निकांड जैसी पुनरावृत्ति टालने के लिए दून के व्यावसायिक संस्थानों में चेकिंग जारी है। शनिवार को ऋषिकेश के होटल पीपल, चावला स्वीट्स, दून नमकीन भंडार, विकासनगर के क्वांटो एंग्रो प्राइवेट लिमिटेड, सेलाकुई के कुकरेजा इंस्टीट्यूट, पंवार इंडियन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी, बालाजी भवन झाझरा, नव चेतना बीएड कॉलेज मांडूवाला में फायर उपकरण न मिलने पर नोटिस जारी किए।