ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। हरिद्वार में सोमवती अमावस्या पर लगे जाम से भी पुलिस और शासन सबक लेने को तैयार नहीं है। यात्रा सीजन में उमड़े सैलानियों के आगे तमाम तैयारियां धराशायी हो गई हैं। जिले से लेकर मुख्यालय तक अधिकारी अपने दफ्तरों में मस्त हैं, जबकि जनता सड़काें पर जाम से पस्त है। शुक्रवार को भी देहरादून में हरिद्वार बाईपास, प्रेमनगर, पहाड़ों की रानी मसूरी और डोईवाला तक जाम में हजारों वाहन फंसे रहे। इस दौरान भीषण गर्मी में लोगों का बुरा हाल रहा। रोजाना लगने वाले भीषण जाम से पर्यटन पर बुरा असर पड़ सकता है, जो कि राज्य की आय का मुख्य स्रोत है।
देशभर से देवभूमि आने वाले पर्यटकों को गर्मी के साथ जाम की मार भी झेलनी पड़ रही है। यात्रा सीजन से पहले मसूरी, नैनीताल, ऋषिकेश और देहरादून में जाम से मुक्त कराने को बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन इस बार सैलानियों का स्वागत जाम से हुआ। सोमवती अमावस्या के दिन लगे जाम से पुलिस की जमकर किरकिरी हुई। शुक्रवार को लगे जाम ने एक बार फिर साबित किया है कि पुलिस अफसर पर्यटकों को जाम से निजात दिलाने के प्रति गंभीर नहीं हैं। अफसरों की क्या बात करें, ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी भी अपने दफ्तरों से बाहर निकलने को तैयार नहीं हैं। वो भी आफिस में बैठकर हुकम चला रहे हैं।
शुक्रवार को हरिद्वार बाईपास पर आईएसबीटी से लेकर कई जगह लंबा जाम रहा, जिसमें सैकड़ों वाहन फंसे रहे। एक दूसरे से आगे निकलने के फेर में वाहन एक दूसरे के सामने आ गए। पुलिस को जाम खुलवाने के लिए काफी देर मशक्कत करनी पड़ी। गर्मी में वाहनों में फंसे महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। डोईवाला के पास एक कार के खराब हो जाने से तीसरे पहर दोनों तरफ कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें हजारों वाहन फंसे रहे। पुलिस को एयरपोर्ट की तरफ से आने वाले यातायात को काफी देर रोकना भी पड़ा। शाम को यातायात का दबाव बढ़ा तो हालात और बेकाबू हो गए।
प्रेमनगर में भी दिनभर लंबा जाम लगा रहा। दोपहर में ड्यूटी से पुलिसकर्मियाें के नदारद होने के कारण आगे निकलने की होड़ में वाहन चालक आपस में उलझ गए। नतीजा यह हुआ कि दोनों तरफ लंबा जाम लगता चला गया है। वहीं सहारनपुर चौक से लेकर महाराजा अग्रसेन चौक तक जाम लगा रहा। दून अस्पताल, दर्शनलाल चौक पर काफी देर वाहन फंसे रहे। लाल पुल से काली मंदिर, सुभाष मार्ग, दिलाराम चौक पर भी लोगों को जाम से दो चार होना पड़ा।
--
मसूरी में कई गुणा वाहन पहुंचने से जाम
पहाड़ों की रानी मसूरी में शुक्रवार को भी पर्यटकों को जाम की मार झेलनी पड़ी। मसूरी में कई दिन से हालात ऐसे ही हैं। यहां पर करीब छह हजार वाहनों के पार्क करने की क्षमता है, लेकिन वाहनों की संख्या आठ से नौ हजार तक पहुंच रही है। ऐसे में अधिकांश चालक वाहनों को सड़क किनारे पार्क कर रहे हैं, जिससे जाम की स्थिति बन रही है। रोजना लाइब्रेरी चौक, धनोल्टी रोड, कैंपटी रोड, क्रिंक्रेग आदि स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।
---
यात्रा सीजन के इस बार पिछले साल के मुकाबले पर्यटकों की संख्या दुगनी हुई है। वहीं हाईवे पर सड़क निर्माण पूरा न होने के कारण जाम के प्वाइंट बढ़ गए हैं। यातायात सुचारु रखने के प्रयासों में कमी नहीं है। पर्यटक स्थलों पर व्यवस्था बनाने को पुलिस बल में भी इजाफा किया गया है।
- अशोक कुमार, पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था)