पछवादून में परिवहन विभाग ने नियमों को ताक पर रखकर दौड़ने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाते हुए बृहस्पतिवार को तीन वाहन सीज किए, जबकि 20 वाहनों के चालान काटे। जिन 20 वाहनों के चालान किए गए हैं उनमें 15 स्कूली वाहन हैं।
परिवाहन कर अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में खासकर स्कूली वाहनों की जांच की जा रही है। बृहस्पतिवार को क्षेत्र में एक स्कूली वैन को सीज किया गया है। स्कूली वैन बगैर फिटनेस, परमिट और टैक्स के संचालित की जा रही थी। इसके अलावा हरबर्टपुर में रेत से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली को सीज किया गया है। सीज किए गए वाहनों में एक मोटरसाइकिल भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि हरबर्टपुर, सेलाकुई, सहसपुर, विकासनगर आदि क्षेत्रों में यह अभियान चलाया जा रहा है। बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की ओर से उन स्कूली वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है जिन वाहनों के भीतर सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं और न ही अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट एड बॉक्स लगे हैं। साथ ही स्कूल वाहनों में ओवरलोडिंग की भी जांच की जा रही है।