ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
कुल्हाल के पास शनिवार दोपहर एक महिला बस से उतर कर शक्तिनहर में कूद गई। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
कुल्हाल चौकी प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि कैंचीवाला थाना सहसपुर निवासी ऊषा देवी (36) पत्नी जोगेंद्र कुमार अपने दो बच्चों के साथ बस से मायके हमीरपुर पांवटा जा रही थी। कुल्हाल के पास जैसे ही बस रुकी, महिला ने उतरकर शक्तिनहर में छलांग लगा दी। महिला को नहर में कूदते देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने जब तक महिला को नहर से निकाला, उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर मामले की जानकारी महिला के परिजनों को दी। पुलिस की सूचना पर महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे।
चौकी प्रभारी ने बताया कि परिजन महिला को मानसिक रूप से कमजोर बता रहे थे। वह महिला के शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराना चाहते थे। इसके बावजूद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले में अभी पुलिस को किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।