ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
जौनसार बावर परगने के झिटाड़ त्यूनी निवासी मोती सिंह हत्याकांड मामले में दो माह बाद पुलिस ने शव बरामद किया। बुधवार को कोतवाली पुलिस ने आसन झील से शव बरामद कर परिजनों से शिनाख्त कराई। शिनाख्त के बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए शव मोर्चरी में रखवाया।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर बैराज कर्मचारियों ने झील में एक शव बहता देखा, जिसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को झील से बाहर निकाला। पुलिस ने सड़ी गली हालत में मिले शव के मोती सिंह के होने की आशंका जताई। शिनाख्त के लिए मृतक मोती सिंह के परिजनों को मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने गले में पड़े लॉकेट और बॉडी मार्क से शव की शिनाख्त मोती सिंह के रूप में की। मोती सिंह का शव मिलने की सूचना पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया।
बता दें कि दो माह पूर्व 16 जनवरी को मोती सिंह की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने नवाबगढ़ से आरोपी नदीम और अहसान को गिरफ्तार किया था। हत्यारोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सहारनपुर के बिहारीगढ से मोती सिंह की कार बरामद और मोबाइल बरामद करने के साथ ही हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद की थी। हत्यारोपियों ने मोती सिंह का शव शक्तिनहर में फेंकने की बात कबूल की थी। लेकिन, पुलिस शव बरामद नहीं कर पाई थी। पिछले दो माह से ही पुलिस और एसडीआरफ की टीम शक्तिनहर में शव की तलाश कर रही थी।