ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
दून के वसंत विहार थानाक्षेत्र से 13 फरवरी से लापता छात्र का शव सोमवार को हरियाणा के हथिनीकुंड बैरोज के पास आरडी डेम 900 से मिला। मामले में उत्तराखंड पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जता रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। मृतक दून के एक प्रतिष्ठित स्कूल का इंटरमीडिएट का छात्र था। 13 फरवरी को इसी क्षेत्र की एक छात्रा भी लापता हुई थी। पुलिस को उसका शव बीते दिनों खारा पावर हाउस यूपी से मिला था। उल्लेखनीय है कि वसंत विहार थाना क्षेत्र से एक छात्र एवं छात्रा 13 फरवरी को लापता हो गए थे। छात्र की स्कूटी उसी दिन हिमाचल और उत्तराखंड की सीमा से लगे धौलातप्पड़ के पास से बरामद की गई थी। बच्चों के परिजन भी खासे परेशान थे। जो न सिर्फ सोशल मीडिया के जरिए संदेश भेजकर बच्चों की तलाश के लिए मदद मांग रहे थे, बल्कि खुद भी बच्चों की तलाश में पिछले कई दिनों से जुटे थे।
वसंत विहार थाने के उपनिरीक्षक जगदंबा प्रसाद बहुगुणा ने बताया कि उनके नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम पिछले कई दिनों से लापता छात्र की तलाश में जुटी थी। खारा से लेकर हथिनीकुंड और हथिनीकुंड से आगे यमुनानगर स्थित आरडी 900 डेम तक सर्च अभियान चलाया गया। सोमवार को थाना खिजराबाद यमुनानगर हरियाणा स्थित आरडी डेम 900 से शव बरामद कर लिया। पंचनामे के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
---
प्रेम प्रसंग का मामला मान रही पुलिस
मामले की विवेचना कर रहे उप निरीक्षक जगदंबा प्रसाद बहुगुणा ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह पता चला है कि मामला प्रेम प्रसंग का था। बच्चों को डर था कि उनकी बात उनके परिजनों को पता चल गई है। इस डर से उन्होंने इस तरह का कदम उठाया। उन्होंने कहा कि प्रकरण की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।