ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सरगना को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान गौरव उर्फ फौजी पुत्र मुनेश निवासी ग्राम तेलीपुरा थाना बेहट जिला सहारनपुर हाल निवासी किरायेदार अक्षय शर्मा का मकान थाना गंगनहर जनपद हरिद्वार के तौर पर हुई है। आरोपी के पास से एक लाल रंग की आई-10 कार तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
शनिवार को पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर रानीपोखरी से ऋषिकेश आने वाले हाईवे से गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्य अनुराग शर्मा, रवि और शेखर को पुलिस ने नौ दिसंबर को गिरफ्तार किया था। इनके पास से पांच बुलेट मोटरसाइकिल तथा तीन लग्जरी वाहन बरामद हुए थे। गिरोह के सरगना को पुलिस पकड़ नहीं पाई थी। पुलिस ने गिरोह के मुखिया की गिरफ्तारी व वाहनों की बरामदगी के लिए चार टीमों का गठन किया था।