ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर। देहरादून के एक धागा व्यवसायी ने बुधवार शाम को ढकरानी डाट पुल से शक्ति नहर में कूद गया। घटनास्थल पर लोगों ने नहर से युवक को बाहर निकालकर लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से मृतक की स्कूटी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार बुधवार की शाम को हरबर्टपुर पुलिस चौकी को सूचना मिली कि ढकरानी डाट पुल पर एक व्यक्ति नहर में कूद गया। सूचना पाकर एसआई मनोज कुमार, कांस्टेबल अजीत सिंह और रिंकेश कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर देखा कि नहर में कूदे व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने शक्ति नहर से बाहर निकाल कर उपचार के लिए लेहमन अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड व अन्य आईडी के आधार पर युवक की पहचान
नंद लाल ग्रोवर पुत्र पंकज ग्रोवर (29) निवासी देहरादून स्थित डापीपुर मोहल्ला अंसारी मार्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को लेहमन अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। वहीं, मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। एसएसआई नत्थी लाल उनियाल ने बताया कि मृतक के परिजनों से पता चला है कि पंकज मंगलवार को स्कूटी से पत्नी को मायके जिला सहारनपुर में छोड़ने गया था। जिसके बाद वापस देहरादून लौटने के बजाए शक्ति नहर में कूद गया। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों से पता चला किसी बात को लेकर युवक काफी तनाव में था, जो इससे पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था।