ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर/सेलाकुई। विकासनगर थाना क्षेत्र के कुंजा निवासी युवक की पांच महीने पहले मौत की वजह सड़क दुर्घटना बताई गई। पिता ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन के निर्देश पर पुलिस ने बुधवार को कुंजा स्थित कब्रिस्तान में जाकर दफनाए गए युवक के शव को निकालकर मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराया गया। इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कुंजा निवासी शहजाद के मुताबिक उसका 18 वर्षीय पुत्र साहिल 27 जुलाई को बड़ी बहन को लेने के लिए लेहमन अस्पताल की ओर गया था, लेकिन कुछ समय बाद बताया गया कि अस्पताल के पास बाइक की भिड़ंत में साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले लेहमन अस्पताल और फिर देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान युवक दम तोड़ दिया। पिता को लोगों ने बेटे की मौत की वजह सड़क हादसा बताया था। जिस पर बगैर पोस्टमार्टम कराए उसके बेटे को कुंजा स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया गया, लेकिन उसे दफनाए जाने के करीब एक सप्ताह बाद उनकी बेटी व मृतक की बड़ी बहन ने उन्हें बताया कि भाई की दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या हुई है। मृतक के पिता ने आरोप लगाते हुए बताया कि कुछ रिश्तेदारों ने उनके बेटे पर लोहे की रोड से पिटकर हत्या की गई। उनकी बेटी के द्वारा घटना की जानकारी देने के बाद पिता ने जिलाधिकारी और एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर स्थिति से अवगत कराते हुए दफनाए गए बेटे के शव को पोस्टमार्टम कराने की मांग की। जिस पर पुलिस की ओर से यह कार्रवाई की गई है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर कब्रिस्तान से युवक के शव को निकालकर ढकरानी मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराया गया। डाक्टरों की रिपोर्ट मिलने के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। - भूपेंद्र सिंह धोनी, सीओ विकासनगर