ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
आर्थिकी तंगी के चलते एक युवक के गंगा में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। एसडीआरएफ और जल पुलिस के जवानों ने गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर रात तक डूबे युवक का पता नहीं चल सका।
त्रिवेणी घाट चौकी इंचार्ज अरुण त्यागी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे कोयल घाटी के समीप सांई घाट पर गंगानगर निवासी विपिन 32 वर्ष पुत्र देवी प्रसाद ने गंगा में छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और जल पुलिस के जवानों ने गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर रात तक विपिन का पता नहीं चल सका है। मौके से विपिन के जूते बरामद हुए हैं। इन जूतों की पहचान कर परिजनों ने की है। विपिन की तलाश के लिए शुक्रवार को भी गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। विपिन शादीशुदा है। उसका एक डेढ़ साल का बच्चा भी है। पूछताछ में जानकारी मिली है कि विपिन काफी समय से बेरोजगार था, जिस कारण वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। आशंका है कि आर्थिक तंगी के कारण शायद विपिन ने यह कदम उठाया।