ब्यूरो/अमर उजाला, सेलाकुई
सहसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ढाकी पैट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया जबकि, दूसरे घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार महेंद्र सिंह (37) पुत्र गोवर्धन सिंह निवासी अपर छरबा सहसपुर की ओर से छरबा की ओर जा रहा था। ढाकी पेट्रोल पंप के पास उसकी बाइक सामने से आ रही एक दूसरी बाइक से टकरा गई। इससे महेंद्र के साथ ही दूसरा बाइक सवार पिंकू पुत्र विंदल लाल निवासी रामपुर बसंत पोवाया शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश हाल निवासी खुशहालपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सहसपुर में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान महेंद्र ने दम तोड़ दिया। जबकि, दूसरे घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष नरेश राठौर ने बताया कि तहरीर आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।