ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। आबकारी विभाग की टीम ने चार घरों में छापेमारी करते हुए अवैध अंग्रेजी और देसी शराब पकड़ी है। इनमें 93 बोतल अंग्रेजी और 112 पौवे अंग्रेजी और देसी शराब शामिल है। गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे आबकारी निरीक्षक भारत प्रसाद ने टीम समेत नितिन कुमार पुत्र आनंद कुमार निवासी मनीराम मार्ग, मकान नंबर 48, गली नंबर-5 में छापेमारी की।
इस दौरान आरोपी के कब्जे से अंग्रेजी शराब की 93 बोतलें और 38 पौवे बरामद किए गए। अवैध शराब बरामद करने के बाद नितिन और उसके चाचा अशोक कुमार के विरुद्घ मामला दर्ज करवाया गया है। बता दें कि पूर्व में भी श्याम सूज के नाम से दुकान चलाने वाले उपरोक्त चाचा-भतीजे के कब्जे से पुलिस ने छापेमारी कर अवैध शराब बरामद की थी। बताया जा रहा है कि दोनों ही अवैध शराब के पुराने कारोबारी हैं।
दूसरी घटना में सोनिया पत्नी दलविंदर सिंह के कब्जे से विदेशी शराब के 36 पौवे पकड़े गए हैं। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि महिला घर के तहखाने में अवैध शराब की खेप रखे हुए थी। ये लोग उतनी ही मात्रा में शराब रखते हैं जो दिन भर में बिक जाया करे। इसी तरह सुरेंद्र पुत्र महावीर सिंह निवासी कृष्णानगर के घर से भी छापेमारी में देसी शराब के 38 पौवे बरामद किए गए हैं। उपरोक्त सभी शराब की बोतलें हरियाणा निर्मित हैं जोकि अरुणांचल प्रदेश में बिक्री के लिए जारी की जाती हैं।