ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चोरों ने लक्ष्मणपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर के ताला तोड़ दानपात्र और त्रिशूल पर हाथ साफ कर लिया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन घंटें के अंतराल में ही चोरी में शामिल दो आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों के पास से दानपात्र से चोरी हुई नकदी और त्रिशूल भी बरामद कर लिया गया है।
तहरीर में मंदिर के पुजारी दिगंबर राज गिरी ने कहा कि बुधवार सुबह पांच बजे चोरों ने मंदिर का ताला तोड़ दानपात्र और त्रिशूल चोरी कर लिया। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को सुबह आठ बजे कैनाल रोड स्थित धनवंतरी अस्पताल के पास चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान जावेद पुत्र निजामुद्दीन और नाजिम पुत्र मकसूद दोनों निवासी ग्राम घिसरपड़ी मेंहूवाला थाना बसंत बिहार देहरादून के रूप में हुई।
कोतवाल महेश जोशी ने बताया कि दोनों आरोपी पूर्व में थाना वसंत विहार और पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र से लूट, नकबजनी और चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं। टीम में एसआई पंकज कुमार, कांस्टेबल बबलू खान, राजवीर भंडारी शामिल रहे।