ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। मुनिकीरेती वाल्मीकि बस्ती में डीजे विवाद की जांच में सीओ नरेंद्रनगर ने जांच शुरू कर दी है। सीओ नरेंद्रनगर जेपी जुयाल ने बताया कि एनआरआई संजय वात्सल्य से बातचीत कर उनकी बात सुनीं गई। इसके बाद बुधवार को शिकायतकर्ता से बातचीत की जाएगी। सारे तथ्य संकलित करने के बाद रिपोर्ट तैयार होगी। गौरतलब है कि नवरात्र जागरण में भजन-कीर्तन के लिए डीजे बजाने को लेकर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और धमकाने को लेकर शिकायतकर्ता अजय कुमार ने बस्ती के समीप रहने वाले संजय के खिलाफ शिकायत की थी।
इस मामले में एनआरआई संजय वात्यल्य ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर थाना इंचार्ज ने मुकदमा दर्ज किया है। वह उस दिन विवाद वाली जगह पर थे ही नहीं। सीसीटीवी फुटेज से इसकी पुष्टि हो जाएगी। संजय ने कहा कि यदि पुलिस विभाग से इंसाफ नहीं मिला तो वह कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। उधर, थाना प्रभारी आरके सकलानी का कहना है कि पूर्व में भी संजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। मामले की विवेचना चल रही है, सारा तथ्य सामने आ जाएगा।