ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। बैराज मार्ग पर अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार दो लोगों टक्कर मार दी। गंभीर चोटें लगने की वजह से दोनों की ही एम्स में मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। बताया कि मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आईडीपीएल चौकी पुलिस के मुताबिक बीते शुक्रवार की देर रात रोहित (24) पुत्र धनीराम निवासी कृष्णानगर कॉलोनी, ऋषिकेश व कुवेर चंद (26) पुत्र धनीराम निवासी कोटबाग, नैनीताल स्कूटी से बैराज रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जख्मी हालत में रोहित व कुवेर चंद को एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एम्स प्रशासन शनिवार सुबह इसकी जानकारी चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिसकर्मियों ने शवों को कब्जे में लिया है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज नैनवाल ने बताया कि मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इस बाबत परिजनों को अवगत करा दिया गया है। फिलहाल मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलती है, तो अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आसपास के प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।