यूपी और हरिद्वार के दो बदमाश में गिरफ्तार
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
ऋषिकेश। कोतवाली पुलिस ने विस्थापित कॉलोनी रोड पर महिला से चेन स्नेचिंग के मामले में मुजफ्फनगर और हरिद्वार निवासी दो शातिर बदमाश रिजवान और मोहम्मद रफी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो सोने की चेन, एक तमंचा और स्कूटी बरामद हुई है। दोनों पर ही यूपी में हत्या और शस्त्र अधिनियम में कई मुकदमे दर्ज हैं।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते 23 सितंबर को आईडीपीएल स्थित विस्थापित कॉलोनी निवासी राकेश ममगाईं ने मां शकुंतला देवी के गले से सोने की चेन झपटने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। घटनास्थल के आसपास के लगभग 56 सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालने के दौरान घटना में शामिल बदमाशों की बाइक के नंबर की पहचान हुई। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को श्यामपुर रेलवे फाटक के पास दबोच लिया। तलाशी में दो सोने की चेन, एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले। निशानदेही पर लूट की घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी भी मिली है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद रफी उर्फ सलमान पुत्र इरफान निवासी ग्राम गोहाना, किशनपुर, भगवानपुर, हरिद्वार व रिजवान पुत्र अनवर ग्राम बरवाला, बुढ़ाना रोड, मुजफ्फनगर, यूपी व हाल निवासी बंधा रोड, मच्छी मोहल्ला, प्विल लाइन रुड़की, हरिद्वार के रूप हुई है। कोतवाल ने बताया कि रिजवान पर यूपी के मुजफ्फनगर में हत्या समेत विभिन्न अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मोहम्मद रफी पर भी जानसठ में शस्त्र अधिनियम का केस दर्ज है। आरोपियों को पास से बीती 16 जुलाई को बसंत विहार में संजय वर्मा निवासी हरिपुरम कॉलोनी, देहरादून की मां जमुना देवी से झपटी गई सोने की चेन भी मिली है।