रायवाला में नशे के तीन तस्कर गिरफ्तार
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
ऋषिकेश। रायवाला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 280 ग्राम चरस बरामद हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर स्कूटी सीज कर दी है।
थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह के मुताबिक बुधवार को सूचना मिलने पर सत्यनारायण मंदिर के पास से एक स्कूटी सवार को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 96 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान सोनू शर्मा पुत्र नरेंद्र शर्मा निवासी गली नंबर 24, शीशमझाड़ी, मुनिकीरेती के रूप में हुई है। आरोपी सोनू की स्कूटी सीज कर दी गई है। एक अन्य मामले में अर्जुन अरोड़ा पुत्र राज अरोड़ा निवासी निकट भैरव मंदिर, लक्ष्मणझूला रोड, ऋषिकेश व मलेश उर्फ गजनी पुत्र चक्र बहादुर निवासी न्यू चंद्रेश्वरनगर, ऋषिकेश को 184 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।