ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। गंगानगर स्थित हनुमंतपुरम में बदमाश ने थोक विक्रेता के गोदाम में चोरी का प्रयास किया, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो पाए। व्यापारी को सीसीटीवी फुटेज देखने के दौरान इसका पता चला। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना कर बदमाश की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक हनुमंतपुरम के गली नंबर 4 में गुलशन अरोड़ा का परचून के सामान का गोदाम है। शनिवार देर रात उनके गोदाम में चोरी की नीयत से बदमाश ने ताला तोड़ने का प्रयास किया, मगर वह इसमें कामयाब नहीं हो पाया। रविवार सुबह गुलशन अरोड़ा गोदाम पर पहुंचे, तो उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखा।
उन्हें गोदाम का ताला तोड़ने की कोशिश करते हुए एक युवक वीडियो में दिखाई दिया। तत्काल उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर अज्ञात की तलाश के प्रयास तेज कर दिए हैं। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि गोदाम में चोरी की कोशिश की सूचना मिली है। बताया कि मौखिक शिकायत के आधार पर अज्ञात की पहचान कर धरपकड़ की कोशिश जारी है। दावा किया कि जल्द ही अज्ञात को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।