ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
हरिद्वार रोड निवासी एक युवक ने अपनी बहन के पति पर दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस बाबत कोतवाली पुलिस को शिकायत पत्र देकर बहन के पति पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हरिद्वार रोड निवासी महेंद्र ने बताया कि उसकी बहन का विवाह चार साल पूर्व मूल निवासी मायाकुंड, ऋषिकेश व हाल निवासी मुनिकीरेती के युवक से हुआ था। आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसका पति दहेज के लिए बहन को प्रताड़ित करने लगा।
इसी बीच कई बार बहन के साथ नशे में मारपीट भी की। बताया कि कई बार समझाने के बाद भी उक्त युवक नहीं माना। वह पेशे से टैक्सी ड्राइवर है। महेंद्र ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। इसके साथ ही बहन के पति पर कानूनी कार्रवाई की मांग भी की है। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि फिलहाल इस प्रकार की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलती है तो मामले की जांच के बाद संबंधित युवक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।