ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
श्यामपुर में बुजुर्ग महिला से सोने की चेन लूटने के मामले में पुलिस ने एक किशोर व युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनसे बुजुर्ग महिला व देहरादून स्थित पटेलनगर निवासी वृद्धा से लूटी गई सोने की चेन के तीन टुकड़े बरामद किए हैं। बताया कि लूट में प्रयुक्त बाइक को सीज कर दिया गया है। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी के मुताबिक बीती 28 जून को श्यामपुर स्थित कृष्ण विहार कॉलोनी निवासी सरोज बाला के गले से बाइक सवार दो युवकों ने सोने की चेन लूट ली थी।
पीड़िता के बेटे ओमप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर उनकी तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच में आरोपी सफेद रंग की बाइक पर भागते नजर आए। सोमवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चेन लूट के आरोपी हरिद्वार से नटराज चौक की तरफ आ रहे हैं। पुलिस ने हरिद्वार बाईपास मार्ग पर मंशा देवी रेलवे फाटक के समीप वाहन चेकिंग शुरू की। इस दौरान हरिद्वार से सफेद रंग की मोटरसाइकिल पर आ रहे एक किशोर व युवक को पकड़ लिया।
तलाशी में उनकी जेब से सोने की चेन के तीन टुकड़े बरामद हुए। कोतवाल ने बताया कि आरोपी युवक की पहचान संदीप पाठक पुत्र राम कुमार पाठक निवासी बीआई बाजार, बरेली कैंट, उत्तर प्रदेश हाल निवासी लक्कड़घाट रोड, श्यामपुर के रूप में हुई है। आरोपियों से सरोज बाला की चेन के दो और पटेलनगर में बीती 30 जून को वृद्ध महिला से लूटी चेन का एक टुकड़ा बरामद हुआ है। इस बाबत पटेलनगर पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। बताया कि किशोर को बाल न्यायालय में पेश किया जाएगा।