ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
मुनिकीरेती के ढालवाला क्षेत्र में किराए के कमरे में न्यू शिमला निवासी युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी अविनाश व एक अन्य अज्ञात की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
बता दें, बीते बुधवार को गोपाल भट्ट (25) पुत्र घनश्याम भट्ट निवासी सेक्टर-2, न्यू शिमला, हिमाचल प्रदेश ढालवाला पहुंचा था। इस दौरान गोपाल अपने भाई गौरव भट्ट के किराए के कमरे में रुक गया था। बृहस्पतिवार को गोपाल का शव पंखे से लटका मिला था। कमरे की तलाशी में पुलिस को सुसाइड नोट मिला था, जिसमें गोपाल ने अविनाश पर नौकरी के लिए एक लाख आठ हजार रुपये लेने का आरोप लगाया था। इस मामले में शुक्रवार को गोपाल के पिता घनश्याम भट्ट की तहरीर पर अविनाश व एक अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजीत कुमार ने बताया कि तहरीर में चार लोगों के नाम थे। जांच में दो लोगों की मामले में संलिप्तता नहीं पाई गई है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।